मेरी तन्हाई--ख्वाहिश (भाग-28)डॉ.पूर्णिमा राय, पंजाब

मेरी तन्हाई--ख्वाहिश (भाग-28)
डॉ.पूर्णिमा राय, पंजाब 

गम की राहों पर चलना ज़रा होशियारी से, खुशियों के फूल खिलते हैं सिर्फ मेहनत से!! जब हम कोई उम्मीद नहीं रखते हैं तो कभी-कभी कुछ ऐसा होता है कि हमारे भीतर स्वत: ही और अधिक ऊर्जा का संचार होना आरंभ हो जाता है। आप सबके जीवन में आए दिन कोई ना कोई खुशी या गमी आती रहती होगी, क्योंकि यह जिंदगी है ।मैंने शायद पहले भी कहीं जिक्र किया होगा कि कोई भी कार्य जो हमने कभी ना किया हो जब हम पहली बार करते हैं तो उसका अनुभव कुछ अलग ही होता है।ऐसे ही मैंने जीवन में कसरत /व्यायाम/योगाभ्यास को कभी महत्व नहीं दिया। पर जब महत्व देने लगी तो अपने भीतर एक सुकून का अनुभव होने लगा। सहजावस्था आने लगी।अपने लिए तो हम अपने पैसे खर्च करके कुछ ना कुछ खरीदते ही रहते हैं या हम दूसरों के लिए भी कई बार कुछ खरीद कर दे देते हैं। कहते हैं जो मन में ठान लो वह आपको मिल जाएगा ।पर कुछ लोग जब कहते हैं कि हमने सोचा था, हमें वह मंजिल नहीं मिली ।तब मन का विचलित होना आवश्यक है।बात चाहे आपको छोटी लगी पर मुझे आपको बताते हुए अच्छा महसूस हो रहा है। मैंनें फरवरी में फ्री ऑनलाइन माध्यम से योगा क्लास आरंभ की थी। फिर धीरे-धीरे कभी सप्ताह में तीन दिन ,कभी दो दिन, कभी पूरा-पूरा सप्ताह में किसी भी दिन कसरत ना कर पाना ।ऐसा ही निरंतर चल रहा था और कभी-कभी मैं पूरा का पूरा 7 दिन कसरत करने के योग्य हो गई थी। पहले पहले काफी मुश्किल लग रही थी क्योंकि जिस कार्य में हमें शारीरिक मेहनत लगती है, उसके हम आदी नहीं होते। मानसिक कार्य करने में मैं कभी भी पीछे नहीं होती हूँ, पर जब शारीरिक रूप से हमें कुछ अलग करना पड़ता है विशेषत: कसरत तो मुझे हमेशा आलस ही रहा ।जब मैंनें ऑनलाइन कक्षा पहले दिन आरंभ की तो योगा मास्टर सौरभ और छोटू की योगा शर्ट पहने हुए देखना मुझे बहुत ही सुकून भरा लगा। तब मेरे मन में इच्छा हुई कि मुझे भी ऐसी शर्ट लेनी है और मैं बच्चों की तरह व्हाट्सएप पर आने वाले मैसेज में उनको लिखकर भेजा कि मुझे यह शर्ट भेज दीजिए, मैं आपको पैसे दे दूंगी। तब उन्होंने मुझे उत्तर दिया कि आप जितने भी लोगों को शेयर करती जाएंगी और जब आप उस लेवल तक पहुँच जाएंगी तब आपको यह गिफ्ट मिल जाएगा। उस वक्त यह जवाब सुनकर थोड़ा मन निराश हो गया था।फिर मैं शर्ट लेने की बात भूल गई और योगा समय अनुसार करना शुरू हो गई । मैंने जैसे कहा कि मैं योगा के मामले में थोड़ा आलसी भी हूँ ।चाहती तो वैसी शर्ट प्रिंट करवा कर अपने पैसों से खरीद सकती थी पर मैंने ऐसा नहीं किया। मेरे मन में यही था कि मुझे अपने भीतर एक मेहनत करने की भावना पैदा करनी है तो मैंनें अपनी निरंतरता जारी रखी। मैं बस अपने जानकार लोगों को अपना लिंक शेयर करती रही। मैंने कभी किसी को किसी कार्य के लिए दबाव नहीं डाला है। बस एक सामान्य मैसेज ही डालती रही हूँ अपने स्टेटस पर, फेसबुक पेज पर या जिन लोगों को मुझ पर विश्वास है कि मैं कोई गलत मैसेज नहीं भेजती हूँ। धीरे-धीरे लोगों ने मेरे लिंक से उसको ज्वॉइन किया तो मुझे एक दिन मैसेज व्हाट्सएप पर HABUILD टीम की ओर से कि आपका लेवल पार हुआ है और आपको योगा टी-शर्ट गिफ्ट के लिए भेजी जा रही है।आप अपना पता अपडेट कर दीजिए। मुझे यह सुनकर बहुत अच्छा लगा और मैंनें दो तीन दिन बाद वहाँ अपना पता अपलोड कर दिया। फिर मुझे मैसेज आया कि आपको 10-15 दिन के बीच में आपका गिफ्ट मिल जाएगा। आज ऐसे ही सामान्य अवस्था में मैं घर के कार्यों में लगी हुई थी तो दरवाजा खटखटाने की आवाज़ हुई। एक पार्सल आता है और वह मुझसे मेरा नाम पूछते हैं , हस्ताक्षर करने के लिए कहते हैं। मैं पूछती हूँ, यह पार्सल कहाँ से आया है? वह कहते हैं कि यह मुंबई से पार्सल आया है। मैं पार्सल लेकर उसको देख भी रही हूँ, पर फिर भी मेरे दिमाग में नहीं आ रहा कि इसमें है क्या? मैंने पार्सल को लाकर घर के भीतर रख दिया और तनिक अपना कार्य निपटने के पश्चात निश्चिंत और हैरान सी उस पार्सल को गौर से देखने लगी । थोड़ी देर बाद फिर मैंनें आराम से उस पैकेट को ध्यान से जब देखा तो मुझे बहुत ही खुशी हुई और जब मैंनें उसको खोला तो उसके भीतर योगा शर्ट और HABUILD की ओर से एक प्यारा सा मैसेज लिखा हुआ था। यह प्यारा सा गिफ्ट पैक मात्र एक शर्ट नहीं है, यह हमारी श्रम, लगन, एकाग्रता और अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने का प प्रशंसा पत्र है। मैं अपने आप से उम्मीद करती हूँ कि मैं ऐसे ही अपने निस्वार्थ भाव से अपने लिए और औरों के लिए कुछ ना कुछ अच्छा करती रहूँ । किसी स्थान को पाना मुश्किल नहीं होता ,बल्कि उस स्थान को बरकरार रखना आपके लिए महत्वपूर्ण होता है। जब तक जिंदगी है ,मैं भी अपने स्वास्थ्य को अच्छे से रख पाऊँ, किसी के कंधों पर बोझ ना बनूँ, अपने पैरों पर चलते फिरते ही जिंदगी बिता पाऊँ, यही मेरी दिल से ख्वाहिश है। क्रमश:
इस गिफ्ट हेतु आभार व्यक्त करती हूँ।😊

Comments

Popular posts from this blog

ਜ਼ਿਲ੍ਹਾ ਅੰਮ੍ਰਿਤਸਰ ਵਿਖੇ ਸਿੱਖਿਆ ਦਾ ਮਹਾਂ ਜਸ਼ਨ ---ਮੇਗਾ ਪੀਟੀਐਮ ਦਾ ਹੋਇਆ ਆਯੋਜਨ!

जेंडर लेंस के आधार पर चौथी से आठवीं की पुस्तकों की समीक्षा हेतु तीन दिवसीय वर्कशॉप सफलतापूर्वक हुई संपन्न !

मेरी तन्हाई --खालीपन (भाग-1)